सर्वेचौक देहरादून पानी की टंकी पर चढ़े बेरोजगारों के साथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला
राज्य प्रवक्ता
देहरादून में वर्षवार भर्ती की मांग को लेकर 158 दिनों से आंदोलनरत नर्सिंग बेरोजगारों ने 60 घंटे तक पानी की टंकी पर चले उग्र प्रदर्शन के बाद धरना पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ वार्ता के बाद स्थगित कर दिया है।
नर्सिंग बेरोजगार पिछले 60 घंटे से सर्वे चौक स्थित पानी की टंकी पर चढ़े थे। उनके साथ कांग्रेस महिला अध्यक्षा ज्योति रौतेला भी इतने समय तक आंदोलन के समर्थन में पानी की टंकी पर मौजूद रही। सरकार ने उनकी मांगों को पूरा करने का भरोसा दिया है। स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि नर्सिंग बेरोजगारों के मांग पत्रों का परीक्षण कराया जाएगा, उसके बाद सकारात्मक निर्णय लिए जाएंगे।
बता दें कि नर्सिंग एकता मंच उत्तराखंड के बैनर तले नर्सिंग बेरोजगार करीब साढ़े पांच महीने से धरना दे रहे थे, लेकिन उनकी मांगों पर कोई सकारात्मक निर्णय न हो पाने के चलते 3 दिन पहले नर्सिंग बेरोजगार कांग्रेस की महिला प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के साथ नर्सिंग अभ्यर्थी सर्वे चौक स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गए। इससे शासन-प्रशासन में हड़कंप मचा रहा। आज प्रशासन ने राहत की सांस ली है।
करीब 60 घंटे से पानी की टंकी पर चढ़ी कांग्रेस नेत्री ज्योति रौतेला समेत अन्य चार नर्सिंग कर्मी इस आश्वासन के बाद टंकी से नीचे उतरे. एसडीआरएफ और फायर सर्विस के प्रयासों से पांचों लोगों को पानी के टंकी से उतारे जाने की कवायद पुलिस प्रशासन के मौजूदगी में हुई। टंकी से नीचे उतरने ज्योति रौतेला व नर्सिंग बेरोजगारों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत कई कांग्रेसी नेता मौजूद रहे।
स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि नर्सिंग बेरोजगारों की ओर से मिले ज्ञापन का परीक्षण कराया जा रहा है, इसके साथ ही बेरोजगारों ने हिमाचल का शासनादेश भी दिया है, उस शासनादेश का भी परीक्षण करने की बात हुई है।
नर्सिंग बेरोजगारों के निर्णय का भाजपा ने किया स्वागत, कहा कांग्रेस ने उकसाया
भाजपा ने सरकार से बातचीत के आधार पर नर्सिंग बेरोजगारों के आंदोलन स्थगन का स्वागत किया है। वहीं भाजपा ने कांग्रेस नेत्री द्वारा स्वयं पर पेट्रोल डालकर बेरोजगारों को आत्मदाह के लिए उकसाने की कड़े शब्दों में निंदा की है।
भाजपा मुख्यालय में मीडिया से पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता विनोद चमोली ने कहा, सरकार से बातचीत के बाद, नर्सिंग बेरोजगारों का आंदोलन स्थगित करना स्वागत योग्य है। पार्टी को पूर्ण भरोसा है कि शीघ्र मुख्यमंत्री पुष्कर धामी युवाओं के हित में इस मुद्दे का पूर्णतया समाधान करेंगे। वहीं आंदोलनकारी युवाओं से आग्रह किया कि भाजपा संगठन और सरकार उनके हितों को लेकर संवेदनशील एवं गंभीर है, सभी को थोड़ा धैर्य रखने की जरूरत है।
विनोद चमोली ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल को सुझाव दिया कि महिला प्रदेश अध्यक्ष को समझाए कि इस तरह की राजनीति न करें, यह राजनीति दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि इस तरह की राजनीति प्रदेश के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है और भविष्य के लिए भी ये परम्पराएं ठीक नहीं हैं। वहीं सुझाव दिया कि उन्होंने अपने अध्यक्ष की जान-माल की चिंता करनी चाहिए।
