कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल का स्वागत करते कांग्रेस कार्यकर्ता।
राज्य प्रवक्ता
कांग्रेेस प्रदेश अध्यक्ष पद की गणेश गोदियाल ने जिम्मेदारी संभाल ली है। जौलीग्रांट से कांग्रेस भवन तक 16 जगहों पर लोगों ने जोरदार स्वागत किया, गोदियाल जिंदाबाद के जोशीले नारे लगाकर विश्वास जताया कि वे उत्तराखंड के विकास की राह आसान करेंगे। कांग्रेस भवन के मंच से गोदियाल ने विश्वास भी दिया कि वे उत्तराखंड की धरती को सजाने संवारने में कोई कमी कसर नहीं रखेंगे।
फिलवक्त कांग्रेस एकजुट भी नजर आई और सभी ने एकस्वर में 2027 विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बाहर करने का संकल्प लिया। हरक सिंह रावत ने तो ये तक कह दिया कि जब तक वे भाजपा की लंका को जला नहीं देंगे तब तक माला नहीं पहनेंगे और आज से ही कड़ी मेहनत करेंगे। गोदियाल के साथ ही नव नियुक्त प्रीतम सिंह व हरक सिंह के समर्थन में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए और भरोसा जाहिर किया कि वे कांग्रेस संगठन को पूरी मजबूती से आगे बढ़ाएंगे।
कांग्रेेस प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत कार्यक्रम उत्साह से भरपूर और नई संभावनाओं और परिवर्तन का संदेश दे रहा है। अपने भाषण में गोदियाल ने एक बात बड़े जोरदार तरीके से कही कि अब राजनीति पार्ट टाइम नहीं रही। राजनीति के साथ दूसरा काम नहीं हो सकता, इसलिए सभी से आग्रह किया कि 24 घंटे पार्टी का काम करें। गोदियाल ने यह कहा लेकिन दूसरी ओर भाजपा पर नजर दौड़ाए तो भारतीय जनता पार्टी साल के 365 दिन चुनाव की तैयारी करती है। भाजपा का कार्यकर्ता सुबह उठते ही पार्टी कार्य में जुट जाता है।
भाजपा पूरे साल भी आयोजनों में कार्यकर्ताओं को व्यस्त रखती है। महिला सम्मेलन, युवा सम्मेलन, पूर्व सैनिक सम्मेलन, अल्पसंख्यक सम्मेलन ये तो लगभग हर महीने आयोजित किए जाते हैं। इसके अलावा हालिया कार्यक्रम पर नजर दौड़ाए तो शहीद सम्मान यात्रा, वंदे मातरम् गायन आदि कार्यक्रम निरंतर जारी है। अभी दो महीने पहले बूथ स्तर पर भाजपा ने बैठकें शुरू की है और अब गांव-गांव में भाजपा कार्यकर्ता वोट जोड़ने का काम कर रहे हैं।
हर विधानसभा में यह कार्यक्रम चल रहा है और बूथ स्तर पर वोटर लिस्ट को मजबूत किया जा रहा है। वहीं भाजपा का आईटी सेल 24 घंटे सक्रिय है। जरा कांग्रेसी या अन्य किसी की जुबान लड़खड़ाई वह सोशल मीडिया का हिस्सा बन जा रहा है। मात्र यही नहीं भाजपा का मीडिया सेल लगातार कार्य कर रहा है और हर दिन 20 से 30 वीडियो इस तरह के अपलोड किए जाते हैं। मात्र यही भाजपा का आईटी सेल भाजपा कार्यकर्ताओं को बकायदा सोशल मीडिया का प्रशिक्षण देकर उन्हें जिलों में सोशल मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी भी सौंप रहा है।
वर्तमान में भाजपा का यह मजबूत सिस्टम वर्तमान चुनाव तकनीक में सटीक बैठ रहा है। इसके अलावा पोस्ट पर कमेंट के लिए भाजपा के कई दिमाग काम कर रहे हैं। कुछ भी ऐसा कि वह लगे ऐसा जैसे जनता कह रही है लेकिन वह भाजपा की तकनीकि सेल का काम होता है। मसलन आने वाले 2027 में मुख्यमंत्री कौन होना चाहिए इत्यादि।

वर्तमान में नई तकनीक के साथ ही चुनाव प्रचार के तरीके भी बदले हैं और लगातार लोगों को जब भाजपा का गुणगान सुनाया जा रहा है, ऐसे में भाजपा नेताओं के चेहरे मोहरे लोगों के जेहन में बिठाए जा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस पर नजर दौड़ाए तो कुछ को छोड़कर अन्य नेता सोशल मीडिया में नजर ही नहीं आते हैं। भाजपा ने जहां अभी से हर दाव पेंच शुरू दिए हैं, वहीं कांग्रेस मुद्दों को लेकर मुखर भी नजर नहीं आ रही है।
गणेश गोदियाल को बूथ स्तर पर संगठन को धार देने के साथ ही आधुनिक तकनीकों की इस्तेमाल पर भरपूर ध्यान देने के साथ ही गांव में अभी से सक्रिय होना होगा। प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए श्रीनगर विधानसभा पर अभी से फोकस कर हर बूथ पर अपनी टीम भी सक्रिय करनी होगी। समय कम और काम बहुत अधिक है और अब देखना यह है कि गोदियाल कौन सी रणनीति पर काम करते है।
