जल-कलश को परेड ग्राउंड में बसाए गए भगवान बिरसा मुंडा नगर के जनरल विपिन रावत मुख्य सभागार में स्थापित करते अभाविप के पदाधिकारी।
देशभर के युवाओं ने अर्पित की विनम्र श्रद्धांजलि
राज्य प्रवक्ता
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने आज 71वें राष्ट्रीय अधिवेशन स्थल परेड ग्राउंड में हिंद-की-चादर गुरु तेग बहादुर सिंह जी की 350वीं पावन बलिदान जयंती के अवसर पर एक भावपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया। इस मौके पर श्री गुरु तेग़ बहादुर जी के बलिदान स्थल दिल्ली के चांदनी चौक स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा शीश गंज साहिब से एकत्रित किया गया पवित्र जल, विशेष सम्मान-यात्रा के बाद अभाविप के 71वें राष्ट्रीय अधिवेशन पहुंचा।
यह पवित्र जल कलश यात्रा दिल्ली से होकर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड से होते हुए देहरादून पहुंचा। यात्रा के दौरान स्थानीय नागरिक व अभाविप कार्यकर्ताओं ने पूर्ण श्रद्धा, विनम्रता और भक्ति के साथ इसका पूजन एवं सत्कार किया। जल-कलश को परेड ग्राउंड में बसाए गए भगवान बिरसा मुंडा नगर के जनरल विपिन रावत मुख्य सभागार में स्थापित किया गया।
अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा, “श्री गुरु तेग बहादुर जी ने धर्म, सत्य, मानवीय अधिकारों और भारत की सनातन आत्मा की रक्षा के लिए अपने जीवन का सर्वाेच्च त्याग किया। उन्होंने अन्याय के सम्मुख अडिग खड़े होकर दुनिया को यह संदेश दिया कि धर्म की रक्षा के लिए दिया गया बलिदान केवल एक समुदाय का नहीं, बल्कि सम्पूर्ण मानवता का मार्गदर्शन है।
उनका बलिदान भारत के इतिहास में आस्था, साहस और मानव-धर्म का सबसे उज्ज्वल अध्याय है। राष्ट्र-पुनर्निर्माण, सांस्कृतिक गौरव और आध्यात्मिक मूल्यों के प्रति समर्पित अभाविप का मानना है कि गुरु तेग बहादुर जी का बलिदान युवाओं एवं संपूर्ण समाज को निरंतर यह स्मरण कराता है कि भारत की सभ्यता सत्य, करुणा, त्याग और कर्तव्य के मूल्यों पर आधारित है। इस पवित्र जल का अधिवेशन में प्रतिष्ठापन उन मूल्यों का राष्ट्रीय पुनः संकेत है।
