केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
राज्य प्रवक्ता
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पश्चिमी एशिया में चल रहे युद्ध पर चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि दुनिया में इस समय युद्ध चल रहा है। पश्चिम एशिया में लगातार हमले हो रहे हैं और यह केवल भारत के लिए ही नहीं बल्कि बल्कि पूरे विश्व के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि इस पर भारत का पक्ष साफ है कि मामला बातचीत व कूटनीति से हल किया जाना चाहिए। रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत पर भी इसका प्रभाव पड़ेगा लेकिन अब तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी सूझबूझ के आधार पर वैश्विक संकट से भारत को दूर रखा है लेकिन भविष्य में इसका क्या प्रभाव पड़ेगा अभी कुछ नहीं कहा जा सकता। उन्होंने कहा कि वैश्विक अवसर पर पैदा हुए संकट को दूर करने के लिए जो भी कोशिश की जा रही है, उसका उत्तराखंड वासियों के द्वारा भी उसका समर्थन किया जाना चाहिए। केंद्रीय रक्षा मंत्री ने कांग्र्रेस को भी कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हार के बाद ईवीएम पर सवाल उठाने के साथ संवैधानिक व्यवस्थाओं पर भी प्रश्न चिन्ह लगाती है।
उत्तराखंड कुमांऊ मंडल के हल्द्वानी में उत्तराखंड में भाजपा सरकार का चार साल का कार्यकाल पूर्ण होने पर आयोजित जनसभा में केंद्रीय रक्षा मंत्री ने यह कहा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वैश्विक संकट दूर करने के लिए सूझबूझ के साथ कार्य कर रहे हैं। केंद्रीय रक्षा मंत्री ने कहा कि चुनाव हारने के बाद कांग्रेस कहती है कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन में गड़बड़ किया गया है। मात्र यही नहीं बल्कि एसआईआर, ईडी, चुनाव आयोग पर कांग्रेस सवाल उठाती है। उन्होंने कहा कि एसआईआर के जरिए घुसपैठियों व फर्जी मतदाताओं को मतदाता सूची से बाहर का रास्ता दिखाने कार्य भाजपा कर रही है और उसमें भी कांग्रेस को विरोध करना है।
इस अवसर केंद्रीय रक्षा मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में पुष्कर सिंह धामी की सरकार ने विकास को सर्वोच्च शिखर पर पहुंचाया है। तेजी से विकास कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि धामी सरकार ने चार वर्षो में जो कार्य किए हैं, उसके आधार पर अब धामी को धाकड़ धामी नहीं बल्कि धुंरधर धामी कहना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस तरह से राज्य में विकास हुए हैं उसे वे उत्तराखंड के राजनीतिक इतिहास का साधारण अध्याय नहीं मानते बल्कि उत्तराखंड के राजनीतिक इतिहास का एक महत्वपूर्ण अध्याय मानते हैं।
केंद्रीय रक्षा मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को सुरक्षित रखने के साथ इसकी पवित्रता महत्वपूर्ण हैं और धामी सरकार इस दिशा में भी तेजी से कार्य कर रही है। अवैध घुसपैठ और अतिक्रमण के खिलाफ जो सरकार ने कार्य किए हैं वह प्रशंसनीय है। उत्तराखंड में अवैध कब्जे व घुसपैठियों के लिए आज कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार का उद्देश्य समर्पित प्रयासों से उत्तराखंड में अध्यात्म और आधुनिकता के सुंदर संगम के साथ देश के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्माण करना हैं।
उन्होंने कहा कि पूरे भारत में उत्तराखंड को देवभूमि के साथ वीर भूमि के रूप में जाना जाता है। रक्षा मंत्री ने नारी सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्तराखंड की महिलाएं आर्दश है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की रानी कर्णावती, गौरादेवी, बछेन्द्री पाल, बसंती देवी, वंदना कटारिया को पूरा देश जानता है। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने चारधाम ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन, गोविन्द घाट- हेमकुंड साहिब व यमुनोत्री रोपवे, जमरानी बांध परियोजना समेत अन्य योजनाओं को उत्तराखंड के लिए वरदान करार दिया। केंद्रीय रक्षा मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के विकास को गति देने में धामी सरकार ने कोई कमी नहीं छोड़ी और यही वजह है कि अपार जन समर्थन के साथ भाजपा उत्तराखंड में तीसरी बार फिर सरकार बनाएगी इसके अलावा उन्होंने राज्य आंदोलनकारियेां को नमन करने के सााथ ही धामी सरकार के विकास कार्यों की भी मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
इससे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, सांसद अजय भट्ट, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने रक्षा मंत्री राजनाथ का स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड लगातार विकसित राज्य की ओर बढ़ रहा है और जल्द ही यह राज्य देश के सबसे विकसित राज्यों में शामिल हो जाएगा।
