शिल्पकारों के साथ प्रशिक्षण कार्यक्रम में गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान।
राज्य प्रवक्ता, उत्तरकाशी
डुण्डा कस्बा ऊनी वस्त्रों के लिए प्रसिद्ध है। यहां के लोग भेड़ पालन के साथ ऊनी वस्त्र तैयार करते हैं। समय के साथ कपड़ों में परिवर्तन आया है और अब इसे समझते हुए गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान लोगों को प्रशिक्षित कर उन्हें वस्त्र उत्पादन के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने के हर संभव प्रयास में जुटे हैं। विधायक सुरेश चौहान का कहना है कि डुण्डा के पशुपालकों को प्रषिक्षित कर उनके उत्पादों को ब्रांड के रूप में प्रस्तुत करने की कोशिश है।
इसी उद्देश्य से उत्तराखंड बहुउद्देशीय वित्त एवं विकास निगम शिल्पी ग्राम योजना के तहत डुण्डा वीरपुर गांव में स्थानीय शिल्पकारों को तीन माह का ऊनी वस्त्र प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में पारंपरिक एवं पौराणिक शैली के विभिन्न प्रकार के ऊनी वस्त्रों के निर्माण का प्रशिक्षण देने के साथ ही प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन डेवलपमेंट इन रूरल एंपावरमेंट एवं मोटिवेशन सोसायटी (ड्रीम्स) के माध्यम से किया जा रहा है।
कार्यक्रम में गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने कहा कि ऊनी वस्त्र निर्माण हमारी पुश्तैनी कला और पारंपरिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस कला को संरक्षित करने के साथ ही आधुनिक समय की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करना बेहद जरूरी है। इससे स्थानीय शिल्पकार अपने उत्पादों को देश-विदेश में पहचान दिला सकेंगे और स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त कर सकें।
विधायक सुरेश चौहान ने कहा कि स्थानीय पारंपरिक उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास जारी हैं। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष अस्सी गंगा घाटी के अगोड़ा और गजोली गांवों में रिंगाल प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया गया था। इसके अतिरिक्त भराण गांव में भी शिल्पी प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से स्थानीय लोगों को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया गया।
उन्होंने कहा कि पारंपरिक हस्तशिल्प एवं स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाया जा सकता है। इसके लिए आवश्यक है कि स्थानीय लोगों को प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि हमारी पारंपरिक कला और संस्कृति आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित रह सके।
विधायक की इस पहल का जिला पंचायत सदस्य बरसाली हीरालाल शाह, भाजपा मंडल अध्यक्ष डुंडा रजनेश चौहान, जिला मंत्री देशराज बिष्ट, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष विक्रम पंवार, भजन राणा, दिलसिंह राणा, शशिकांत नेगी, सुनीता एवं कविता ने पुरजोेर समर्थन किया।
