
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि हरिद्वार में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के लिए चार स्थान चिह्नित किए गए हैं। इन स्थानों का सर्वेक्षण किया जा रहा है। उसके बाद ही प्रस्ताव तैयार कर केंद्रीय मंत्री को भेजा जाएगा। इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भी बातचीत हुई है। हरिद्वार में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट होने से हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा। हालांकि उन्होंने जगह के नामों का खुलासा नहीं किया। उन्होंने कहा कि लंदन, न्यूयॉर्क, सिडनी, ऑकलैंड से सीधा फ्लाइट हरिद्वार आएगी और यहां से जाएगी। इससे धर्मनगरी का महत्व और बढ़ जाएगा। योग, अस्थि विर्सजन और चारधाम यात्रा को आने वाले लोगों को भी सुविधा होगी। यह बात उन्होंने हरिद्वार में सम्मान समारोह के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए कही।
गुरुवार को प्रेम नगर आश्रम में आयोजित सम्मान समारोह में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव-2022 में उत्कृष्ट सेवा देने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सदस्य, प्रमुख, ज्येष्ठ उपप्रमुख, कनिष्ठ उपप्रमुख आदि का सम्मान मंत्री सतपाल महाराज ने किया। इस दौरान मंत्री ने कहा कि पंचायत चुनाव को सफल बनाने में अपना योगदान देने वाले अधिकारी और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह आयोजित करने का उद्देश्य सभी का उत्साहवर्धन करना था। सभी लोगों को विश्वास दिलाता हूं कि रुपयों की कमी के कारण हरिद्वार जिला पंचायत क्षेत्र में विकास की गति नही रुकेगी।